परम पूज्य गुरुजी श्री रामेश्वर मानव जी

परम पूज्य गुरुजी ने आध्यात्मिकता और उपचार के माध्यम से लोगों की भलाई को ऊपर उठाने के लिए इसे अपने जीवन का मिशन बना लिया है।

जीवन परिचय

परम पूज्य गुरुजी का जन्म ग्रामीण परिवेश में एक गरीब किसान परिवार में 9 दिसंबर 1978 को ग्राम नोताड़ा तहसील केशोरायपाटन जिला बूंदी राजस्थान में हुआ। पिता जी का नाम श्री जगन्नाथ जी एवं माता का नाम श्रीमती सोहनी देवी हैं। गुरूजी परिवार में सबसे छोटे है, उन्हें एक बड़े भाई और एक बड़ी बहेन है।

परम पूज्य गुरुजी को बचपन से ही बीरज चौथामाता( मां दुर्गा का स्वरूप )एवं धर्म-कर्म के विषयों में अत्यंत रूचि रही । उन्हें बचपन से ही ऐसे स्वप्न अक्सर आ जाया करते थे जो बाद में जाकर हूबहू वैसे ही घटित हो जाते थे, जो कि उनके लिए बहुत बड़ा प्रश्नवाचक चिन्ह बन जाते थे कि आखिरकार उन्हें भविष्य में घटने वाली घटनाएं पहले से ही कैसे दिखाई दे जाती है? कोई तो शक्ति है जो भविष्य की घटनाओं को दिखा देती है, इसके पीछे कोई तो रहस्य हैं।

प्रतिदिन गांव के मंदिर में आरती के समय झालर बजाना उनका नित्यकर्म था।

मंदिर के पुजारी जी को संपूर्ण गांव के बच्चों में उनके प्रति बहुत ही स्नेह था, इसलिए झालर बजाने के लिए विशेष रूप से वे उन्हें ही मंदिर में लेकर जाते थे ।

जब पहली बार रामायण का प्रसारण दूरदर्शन पर प्रारंभ हुआ तो उस समय उनकी उम्र लगभग सात आठ वर्ष की रही होगी । गांव में लाइट नहीं थी किंतु रामायण देखने 3 किलोमीटर दूर अकेले पैदल पैदल दूसरे गांव में जाते थे । भीड़ की वजह से कभी-कभी तो अच्छी तरह से देख भी नहीं पाते थे किंतु जाते अवश्य थे । रामायण एवं महाभारत को देखकर एक प्रश्न हमेशा उनके मन में उठता था कि क्या प्राचीन समय में इस प्रकार की शक्तियां होती थी और यदि होती थी तो अब क्यों नहीं है ?वे शक्तियां कहां चली गई ?यह प्रश्न हमेशा उनके मस्तिष्क में बना रहा ! इस प्रश्न एवं समय-समय पर दिखाई देने वाली भविष्य की स्वप्न के माध्यम से झलक ने हमेशा उनकी आध्यात्मिक विषयों की ओर रुचि बनाए रखी।

शिक्षा

परम पूज्य गुरुजी ने कक्षा तीन तक गांव में ही ग्रामीण चबूतरे पर शिक्षा प्राप्त की। इसके पश्चात कक्षा 8 तक गांव से लगभग 5 किलोमीटर दूर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सारसला में शिक्षा ग्रहण की तत्पश्चात कक्षा 9वीं में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केशोरायपाटन जिला बूंदी राजस्थान में अध्ययन किया।

परम पूज्य गुरुजी ने कक्षा दसवीं की परीक्षा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बूंदी से उत्तीर्ण की। सीनियर सेकंडरी की परीक्षा  राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बालचंद पाड़ा बूंदी से उत्तीर्ण की।  B.Ed की परीक्षा सेठ सुशील कुमार बिहानी विश्वविद्यालय श्री गंगानगर राजस्थान से उत्तीर्ण की। 

आध्यात्म की खोज

बचपन से ही आध्यात्मिक जिज्ञासा होने के कारण परम पूज्य गुरुजी चाहते थे कि वे इस राह पर कुछ विशिष्ट ज्ञान अर्जित कर सके ।
अध्ययन काल में जब कक्षा बारहवीं एवं तेरहवीं में पढ़ रहे थे उस समय लगभग ढाई वर्ष तक बूंदी में गोपीनाथ जी के मंदिर में रहने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ। यह एक मठ था। यहां पर प्रतिदिन कई संत महात्मा आते रहते थे, उन संत महात्मा से प्रतिदिन ज्ञान चर्चा करने का सौभाग्य अधिकांशतः मिल जाता था किंतु उन संत महात्माओं के पास उन प्रश्नों के जवाब बिल्कुल नहीं होते थे जो परम पूज्य गुरुजी उनसे पूछते थे।
सनातन हिंदू धर्म में अनेक देवी-देवताओं का मकड़जाल जिस प्रकार बना हुआ है, उसे देख कर परम पूज्य गुरुजी हमेशा कंफ्यूज रहा करते थे कि आखिरकार किस देवता का ध्यान करें? किस की उपासना करें? किस का व्रत करें? यही सब कुछ हमेशा एक उलझन की तरह मस्तिष्क में घुमा करता था किंतु समाधान कहीं से भी नहीं मिलता था।

जब परम पूज्य गुरुजी बारवी कक्षा में थे तब उन्होंने अपने मित्र श्री मकुट बिहारी शर्मा के साथ मिलकर अधिकांश योगसानोंका अभ्यास एक किताब से सीखा था। गीता का प्रतिदिन अध्ययन करना और हनुमान चालीसा का नित्य पाठ करना यह परम पूज्य गुरुजी की दिनचर्या का अभिन्न अंग था।
साथही बचपन से ही महीने में एक बार चतुर्थी के दिन चौथमाता का व्रत और प्रत्येक शनिवार को हनुमान जी का व्रत अवश्य रखते थे।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए परम पूज्य गुरुजी बूंदी से कोटा आकर रहने लगे और यहां पर प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग करने लगे।
उसी समय सन 2001 में संत श्री गुरमीत राम रहीम सिंह जी कोटा में पधार रहे थे तो कोटा में बहुत ही बड़ा आयोजन था चारों तरफ उनके नाम की चर्चा थी। अत्यधिक भीड़ संत श्री के प्रवचन सुनने के लिए उमड़ रही थी तो परम पूज्य गुरुजी भी इस भीड़ का हिस्सा बन गए थे और अत्यधिक भीड़ को देखकर के संत श्री से प्रभावित हुए कि इनके पास कुछ तो होगा इसलिए इतनी भीड़ उमड़ रही है उस समय परम पूज्य गुरुजी ने भी पहली बार संत गुरमीत राम रहीम सिंह से दीक्षा प्राप्त की।

जब परम पूज्य गुरुजी, श्री गुरमीत राम रहीम सिंह के मंत्र का जाप करने लगे तो उस मंत्र को देख करके परम पूज्य गुरुजी के मन में हमेशा प्रश्न उठता था कि यह मंत्र अधूरा है और यह मंत्र सत्य से रूबरू नहीं करवा सकता। उन्हें कभी भी उस मंत्र में सत्य का आत्मबोध करवाने का सामर्थ्य नहीं दिखा और कुछ दिनों बाद परम पूज्य गुरुजी के अंतस्थ में से एक आवाज उठने लगी की यह व्यक्ति एक न एक दिन जेल में अवश्य जाएगा किंतु परम पूज्य गुरुजी नहीं जानते थे कि उनके मन में यह सब क्यों उठ रहा था? इसके पश्चात इस मार्ग पर आगे बढ़ते हुए परम पूज्य गुरुजी, संत गुरमीत राम रहीम सिंह की पद्धति से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हुए।

2003 में संत जो कि शक्तिपात दीक्षा देते थे रामलाल जी सियाग जोधपुर से कोटा में पधारे और उस समय भी अत्यधिक भीड़ थी जो साधना शिविर में जा रही थी। परम पूज्य गुरुजी ने भी संत श्री के कार्यक्रम में जाना उचित समझा। गुरु रामलाल सियाग जी के कार्यक्रम में कई साधक शक्तिपात दीक्षा के माध्यम से विविध क्रिया होने का प्रदर्शन कर रहे थे। कई साधक अजीबोगरीब स्थितियाँ दिखा रहे थे, प्रकट कर रहे थे, तो परम पूज्य गुरुजी ने भी सोचा गुरुदेव बड़े चमत्कारी हैं। इन्हीं गुरुदेव से दीक्षा लेनी चाहिए, तो परम पूज्य गुरुजी की दूसरी दीक्षा रामलाल सियाग जी से हुई , किंतु लाख प्रयत्न करने के बाद भी परम पूज्य गुरुजी को उन अनुभवों का आत्मसाक्षात्कार नहीं हुआ जो कि अधिकांश साधकों को हो रहा था। परम पूज्य गुरुजी ने कई बार गुरु भाइयों से निवेदन भी किया की उन्हें इस प्रकार की क्रियाओं का अनुभव होना चाहिए किंतु उनका जवाब यही रहा कि जिनको विशिष्ट प्रकार की बीमारियां होती हैं , उन्हीं को यह सब क्रिया होती है। आपको कोई बीमारी नहीं है इसलिए विशेष क्रियाएँ नहीं हो रही है। किंतु परम पूज्य गुरुजी बचपन से ही अलेर्जी के कारन बहुत बीमार रहते थे। फिर भी उनके शरीर में कोई क्रिया नहीं हो रही थी। मंत्र जाप भी बहुत करते थे। इस स्थिति से परम पूज्य गुरुजी के मन में संशय उत्पन्न होने लगा कि, गुरु रामलाल सियाग जी के शिविर मे जो लोग आते है वे किराए के होते है, जानबूझकर के ये इस प्रकार की क्रियाओं का प्रदर्शन करते हैं। तो इस स्थिति में परम पूज्य गुरुजी की आस्था वहाँ से भी डगमगाने लगी।

सच्चे गुरु की पहचान

जीवन में घटना क्रम कुछ ऐसा रहा कि परिस्थितिवश सन 2001 में परम पूज्य गुरुजी के पिताजी को छोटा मकान, विकास नगर, कुन्हाड़ी कोटा में बनवाना पड़ा और परम पूज्य गुरुजी अपने दीदी के साथ यहीं निवास करने लगे।
उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी चल रही थी और दीदी के बच्चों की पढ़ाई भी अच्छी तरह से यहां हो पा रही थी।
उनके पड़ोस में ही आदरणीय बावूजी श्री भवानी शंकर जी मीणा निवास करते है। बावूजी बड़े आध्यात्मिक व्यक्तित्व के धनी है। वे अक्सर परम पूज्य गुरुजी के घर पर आते जाते रहते थे और धार्मिक चर्चा करने के साथ अखंड ज्योति पत्रिका जो कि शांतिकुंज हरिद्वार से प्रकाशित होती है वो प्रतिमाह घर पर देकर जाते थे।

सन 2004 में नवरात्रि के समय नजदीक ही स्तिथ भगवान शिव के मंदिर में 9 दिन तक रामायण पाठ का कार्यक्रम रखा गया था। बिच बिच मे गायत्री परिवार के विद्वान परिजन प्रवचन हेतु आते थे। अंतिम दिन परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी के प्रतिनिधि वहांँपर पधारे और परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी के नाम से दीक्षा देने का आयोजन भी यहां पर रखा गया।
बावूजी भवानी शंकर जी के द्वारा परम पूज्य गुरुजी और दीदी को दीक्षा लेने हेतु अत्याधिक जोर देकर आग्रह किया गया। परम पूज्य गुरुजी ने बावूजी से कहा की दो दीक्षाएँ पहले से ही ले रखी है किन्तु आप अत्याधिक आग्रह कर रहे हैं तो एक दीक्षा और भी ले लेते हैं, क्या फर्क पड़ता है?

गुरुदेव के प्रतिनिधियों के माध्यम से गायत्री दीक्षा लेने के पश्चात परम पूज्य गुरुजी ने गायत्री चालीसा में दी हुई गायत्री महामंत्र जप की संपूर्ण विधि का अनुसरण करते हुए पवित्रीकरण, आचमन, न्यास आदि का अनुसरण करते हुए जैसे ही प्रथम दिन गायत्री महामंत्र की माला का जप शुरू किया तो प्रथम माला का जप करते हुए ही उन्हें एहसास हो गया कि यह मंत्र अपने आप में अद्भुत एवं दिव्य है। इस मंत्र में अद्भुत ऊर्जा एवं क्रियाशक्ति है, किंतु अन्य सभी देवी देवताओं के तो मंदिर गांव -गांव, ढाणी -ढाणी में दिखाई देते हैं,पर ब्रह्मा जी एवं ब्रह्मा जी की पत्नी गायत्री माता का मंदिर तो कहीं दिखाई ही नहीं देता है! फिर ब्रह्मा जी की पत्नी का यह मंत्र किसी भी स्थिति में इतना प्रभावशाली कैसे हो सकता है? परम पूज्य गुरुजी गायत्री महामंत्र का जप तो करते थे किंतु गायत्री माता के प्रति कोई विशेष श्रद्धा उनके मन मस्तिष्क में जागृत नहीं हो पा रही थी क्योंकि समाज में अन्य देवी देवताओं का प्रचलन था ,गायत्री माता का कहीं कोई प्रचलन ही नहीं था किंतु फिर भी इस मंत्र का जप करते हुए परम पूज्य गुरुजी को बेहद क्रिया शक्ति के साथ आत्म शांति का अनुभव होता था। साथ ही जैसे ही उन्होंने गायत्री महामंत्र का जप प्रारंभ किया एलर्जी की वजह से जो बार-बार उनका स्वास्थ्य खराब होता था ,वह आश्चर्यजनक रूप से ठीक हो गया । उन्हें ऐसा लगा जैसे उनकी संपूर्ण बीमारी हमेशा हमेशा के लिए जड़ मूल से समाप्त हो गई है। परम पूज्य गुरुजी के लिए माँ गायत्री के प्रति श्रद्धा वान होने का इससे अधिक साक्षात प्रमाण अन्य कोई और नहीं हो सकता था।

रचनाएँ

पुस्तकें

  • हिंदुत्व की विडम्बना एवं आवश्यकता