उस प्राणस्वरूप ,दुख नाशक, सुख स्वरूप ,श्रेष्ठ ,तेजस्वी, पाप नाशक, देव स्वरूप परमात्मा को हम अपनी अंतरात्मा में धारण करें।
वह परमात्मा हमारी बुद्धि को सन्मार्ग की ओर प्रेरित करें।
जय गुरुदेव
जय माँ आदिशक्ति
यदि निम्न लक्षण आपको दिखाई दे तो आप समझ सकते हैं कि माँ आदिशक्ति क्रिया कर रही है या उसकी क्रिया का विस्तार हो रहा है।
- यदि साधना करते हुए कुछ देर साधना में बैठने के बाद आपको बहुत तेज पेशाब की शिकायत होती है और ऐसा बार-बार होता है तो यह लक्षण है कि आपकी ऊर्जा क्रियाशील हो गई है अब वह मूल आधार एवं स्वाधिष्ठान को शक्तिशाली बनाने का प्रयास कर रही है।
- यदि ध्यान करते हुए आपकी रीढ़ की हड्डी गर्म महसूस होती है तो समझ लीजिए ऊर्जा जागृत हो चुकी है और ऊर्जा उधर्व गमन कर रही है।
- यदि आसन में बैठे हुए मूलाधार चक्र में आपको चिंटिंया चलने जैसा अनुभव होता है तो समझ लीजिए कि ऊर्जा क्रियाशील हो रही है।
- यदि ध्यान में बैठे हुए अपने आप आपके शरीर में झटके लगने लगते हैं तो समझ लीजिए ऊर्जा क्रियाशील हो गई है।
- यदि ध्यान में बैठे हुए अपने आप आपकी स्वास अत्यंत गहरी एवं धीमी हो गई है और उसके प्रभाव से आपको जहां पर ध्यान लगा रहे हैं वहां पर प्रकाश का साक्षात्कार हो रहा है तो समझ लीजिए उर्जा जागृत हो रही है।
- आप यदि किसी भी चक्र पर ध्यान लगाते हैं और उस चक्र में आपको प्रकाश दिखाई देने लगता है तो निश्चित मान कर चलिए आपकी ऊर्जा सक्रिय हो चुकी है।
- ध्यान करते हुए यदि आपकी गर्दन में झटके लगते हैं तो समझ लीजिए ऊर्जा कंठ चक्र अर्थात विशुद्धि चक्र तक आ चुकी है।
- आज्ञा चक्र पर ध्यान लगाते हुए यदि आपको आज्ञा चक्र पर प्रकाश का साक्षात्कार होता है और मशीन से ड्रिल करने जैसा अनुभव होता है। ऐसा लगता है जैसे कि आज्ञा चक्र स्थान पर ड्रिल करके प्रकाश को आरपार निकाला जा रहा है तो मान कर चलिए आपकी ऊर्जा आज्ञा चक्र तक आ चुकी है।
- यदि आज्ञा चक्र पर ध्यान लगाने का प्रयास करने पर भी ध्यान ललाट मध्य जाकर स्थिर होता है तो समझ लीजिए उर्जा आज्ञा चक्र से ऊपर उठ रही है।
- यदि ध्यान करते हुए आपको असीम आनंद की अनुभूति होने लगी है तो समझ लीजिए आपकी ऊर्जा आज्ञा चक्र को पार करके सहस्रार चक्र तक पहुंचने लगी है।
- यदि आपका ध्यान ललाट के सबसे ऊपरी भाग पर पूर्ण स्थिरता से लगने लगा है और वहां पर आपको पूर्ण प्रकाश का साक्षात्कार होने लगा है।असीम आनंद की अनुभूति होने लगी है ।मस्तिष्क मध्य श्वेत शीतल प्रकाश के साथ अमृत के स्राव का अहसास होने लगा है तो समझ लीजिए आपकी ऊर्जा सहस्रार चक्र का विस्तार करने लगी है और शरीर स्थित समस्त देवताओं के द्वारा अमृत पान होने लगा है।
- यदि आपको अपने मस्तिष्क के अंदर अपने आप कोई ध्वनि सुनाई देने लगी है तो आप मान लीजिए कि नाद जागरण हो रहा है और इसका अर्थ है ऊर्जा आज्ञा चक्र से ऊपर आ चुकी है।
- यदि आपने मूलाधार चक्र पर ध्यान किया और कंपन सहस्रार चक्र पर महसूस होते हैं।जिस प्रकार से फंवारा चलता है ,वैसा अनुभव होता है। श्वेत शीतल प्रकाश सहस्रार चक्र में निकलता हुआ दिखाई देता है तो समझ लीजिए आपकी कुंडलिनी ऊर्जा का प्रवाह मूलाधार से सहस्रार चक्र तक सुचारू रूप से होने लगा है। बस इन लक्षणों से आप अपने आप का मूल्यांकन कीजिए। संपूर्ण सत्य आपको समझ में आने लगेगा।
प्रारंभ में कोई भी नया साधक जब ध्यान करता है तो वह किसी एक केंद्र बिंदु को लक्ष्य करके ध्यान के मार्ग पर आगे बढ़ता है। जैसे कोई किसी मूर्ति या चित्र को लक्ष्य करके आगे बढ़ता है, दूसरा कोई प्रकाश बिंदु या सूर्य की आकृति को लक्ष्य करके आगे बढ़ता है या अपनी आती-जाती श्वास का चिंतन करते हुए ध्यान की गहराई में उतरने का प्रयास करता है या किसी ध्वनि को आधार बनाकर चिंतन को एक बिंदु पर केंद्रिभूत करने का प्रयास करता है। ऐसा करते हुए जब उसका मन एक केंद्र बिंदु पर टिक जाता है, रुक जाता है, स्थिर हो जाता है और निरंतर उसी आकृति या छवि या लक्ष्य को देखता रहता है अर्थात दृष्टा बनकर उस छवि को निहारता रहता है ,देखता रहता है तो उस छवि से, उस आकृति से, उस प्रकाश बिंदु से, उस ध्वनि से, वह अपने अंदर ऊर्जा ग्रहण करने लगता है। जिस प्रकार की भी ऊर्जा का ,जिस प्रकार के भी व्यक्तित्व का उस साधक ने उस ध्यान के बिंदु में कल्पना के द्वारा अपने मस्तिष्क में खाका खींचा है ,उसी प्रकार के गुण साधक के अंदर उतरने लगते हैं। जब उस बिंदु पर, उस चित्र पर ध्यान करते करते साधक की चेतना अत्यंत गहराई युक्त हो जाती है तो धीरे-धीरे वह साधक अपने शरीर का भान खोने लगता है। उसकी चेतना अनंत गहराई की ओर चली जाती है। जब वह अस्तित्व बोध को खोने लगे ,अपने को भूलकर सिर्फ उसके मन मस्तिष्क में वही प्रकाश बिंदु , वही चित्र ,वही मूर्ति ,वही आकृति दिखाई देने लगे ,सिर्फ उसी का बोध हो ,उसके अलावा किसी भी वस्तु का बोध न रहे, सतत यह स्थिति बनी रहे, बीच में कोई भी विचार बाधा नहीं पहुंचाए। बस उसी को देखता रहे, यही ध्यान है और जब इससे आगे बढ़ कर साधक स्वयं को और जिसका ध्यान कर रहा था उसको भी विस्मृत कर दे, उसका भी अस्तित्व बोध ना रहे । संपूर्ण अस्तित्व विलीन हो जाए। गायब हो जाए। अपने शरीर के साथ साथ जिसका ध्यान कर रहा था उसका भी ध्यान बिल्कुल शून्य हो जाए यह समाधि की अंतिम अवस्था निर्विकल्प स्थिति है और जिस ध्यान की अनंत गहराई का ध्यान के रूप में वर्णन किया है उसी को समाधि की प्रारंभिक अवस्था संप्रज्ञात समाधि कहा जा सकता है। संप्रज्ञात में ही जानने योग्य तत्वों को जाना जाता है, समझा जाता है। जब मन एक केंद्र बिंदु पर पूर्णतया एकाग्र हो जाता है तो साधक जिस किसी भी बिंदु पर अपने मन को ले जाता है, उसी वस्तु का, उसी तत्व का आज्ञा चक्र की ऊर्जा सत्य सत्य ज्ञान साधक के समक्ष प्रकट करने लगती है।
कुछ नहीं करने की स्थिति प्राप्त करने में वर्षों लग जाते हैं। वहां पर पहुंचना ही तो लक्ष्य होता है किंतु उससे पूर्व बहुत कुछ करना पड़ता है। आसन में बैठना भी पड़ता है , प्राणायाम भी करना पड़ता है , मुद्राओं को भी साधना पड़ता है। अब इन सब से गुजरते हुए ध्यान करते हुए ही कुछ नहीं करने तक साधक पहुंच पाता है। इसलिए जो कुछ नहीं करने की स्थिति है। वह तो फल है लेकिन जो कुछ किया जाता है -वह अष्टांग योग है। योग के साथ चरणों को आप क्रियाविधि अर्थात करना कह सकते हैं और समाधि को वास्तविक ध्यान की स्थिति कह सकते हैं क्योंकि समस्त चरणों का अनुसरण करते हुए जो ध्यान की एकाग्रता प्राप्त होती है। वह उस की गई क्रिया का फल है। आप सीधे फल पर जाकर स्थिर नहीं हो सकते। यदि फल को प्राप्त करना है तो क्रियाओं से गुजरना ही पड़ेगा। बिना क्रियाओं के आप सीधे फल को प्राप्त नहीं कर सकते। यदि आपने आम का पेड़ लगाया ही नहीं है तो आप आम नहीं खा सकते। आप सीधा आम की परिभाषा नहीं बता सकते कि आम डायरेक्ट ऐसे पैदा हुआ। उसके लिए पहले पौधे की पूरी संरचना को, उसके जीवनकाल को समझाना पड़ेगा और आम तो अंतिम अवस्था है। उसका मीठा रस बाद में ही पता चलेगा। यहां पर जिसने हमेशा बाजार से आम खाया है। वह सीधा आम के फल का ही वर्णन करेगा क्योंकि आम के पेड़ का उसे कुछ भी ज्ञान नहीं है ।यहां पर बाजार से खरीदकर आम खाया जा सकता है किंतु धारणा ध्यान समाधि का विज्ञान ऐसा है जिसे खरीदकर नहीं खाया जा सकता। यहां पर तो यह पेड़ स्वयं लगाना पड़ेगा। लगाकर उस पेड़ को पानी खाद देकर सींचना पड़ेगा। तभी जब यह पेड़ बड़ा हो जाएगा तभी वास्तविक रूप में ध्यान की स्थिति घठित होगी। “जिसे कुछ नहीं करना कहते हैं ” वहां पर कुछ किया नहीं जाता बस हो जाता है किंतु उस होने के पहले बहुत कुछ करना पड़ता है! बहुत कुछ।
आत्म जिज्ञासु भाइयों बहनों ! इस जीवन एवं जगत को ज्ञानी जन और धर्म शास्त्र अनित्य ,असत्य बताते हैं किंतु क्या यह अनित्य है ?असत्य है? प्रश्न अत्यंत गंभीर सारगर्भित एवं महत्वपूर्ण है। जीवन और जगत के असत्य एवं अनित्य होने का तात्पर्य सिर्फ इतना है कि साधक को पूर्णतया यह सत्य बौद्ध हो जाता है कि यह जो पंचभूत तत्वों से बना हुआ मेरा शरीर है, यह जो मेरा वर्तमान आवरण है , यह मेरा वास्तविक स्वरुप नहीं है।मैं सुख दुख से परे निर्विकल्प,सत् चित्त आनंद स्वरूप आत्म ऊर्जा हूँ । यह शरीर मेरी आत्मा के लिए उसी प्रकार से है, जिस प्रकार मैं नित नए वस्त्र बदलता हूँ। यह जगत जननी मांँ आदिशक्ति प्रकृति के द्वारा निर्मित ब्रह्मांड पंच तत्वों का ही स्वरूप है किंतु इनके अंदर जो क्रियाशीलता जो चेतनता है, वह उस सत्य स्वरूप परब्रह्म परमात्मा का ही अंश है। इस संसार में जन्म लेने वाले शरीर धारी प्राणी एवं प्रकृति में उत्पन्न होने वाली समस्त रचनाएं नष्ट होती रहती हैं। यहां तक कि समय आने पर ग्रह-नक्षत्र भी नष्ट हो जाते हैं। संपूर्ण ब्रह्मांड में ये जो चराचर जगत दिखाई दे रहा है ,कुछ भी स्थायी नहीं क्योंकि सब कुछ एक न एक दिन समाप्त होने वाला है। इस ब्रह्मांड में सब आकृति का एक नियत समय ,नियत काल है जिस पर प्रत्येक संरचना को समाप्त होना है अतः इस संसार में दृष्टिगोचर होने वाली ऐसी कोई वस्तु नहीं , कोई संरचना नहीं जो सत्य स्वरूप हो ,जो हमेशा रहने वाली हो! सूर्य चंद्रमा सबको एक दिन समाप्त होना है किंतु फिर कोई नया सूर्य प्रकट होगा ,इस संसार को जगमगाने के लिए और यहां पर सूर्य चंद्र यदि नष्ट भी हो गये तो इस ब्रह्मांड में अन्य स्थान पर करोड़ों करोड़ों सूर्य हैं, वे जगमगा रहे हैं। जीवन यहां पर है तो जीवन वहां पर भी है। आज जिसने यहां पर जन्म लिया है कल दूसरे सौरमंडल में जन्म ले सकता है, इसलिए इस ब्रह्मांड में निरंतर क्रिया हो रही है ,कुछ बन रहा है कुछ बिगड़ रहा है । इसलिए प्रकृति भी मूलतः नित्य है क्योंकि यह शक्तिमान परब्रह्म परमात्मा की ही मूल शक्ति है क्योंकि यह पूर्णतया कभी भी समाप्त नहीं होती, बस यह अपने आवरण को समेटकर उस क्रिया स्वरूप के साथ परम ब्रह्म परमात्मा में विलीन हो जाती है । इसलिए अंततः इस संसार में एक ही तत्व शेष रहता है वह सत् चित्त आनंद प्रकाश स्वरूप परमात्मा ।अतःयदि इस संसार में कुछ भी सत्य है तो वह है- उस सत्य स्वरुप परमात्मा की चेतन शक्ति ,चेतन ऊर्जा । वही एकमात्र सत्य है जो संपूर्ण ब्रह्मांड को क्रियाशील बनाए हुए है। इसलिए वह परमात्मा एवं उसकी क्रिया शक्ति ही सत्य है ।हमारी आत्मा उसी सत्य स्वरूप चेतन ब्रह्म का अंश है। संसार मिट जाएगा किंतु वह सत्य कभी भी मिट नहीं सकता। संसार मिटेगा एवम पुनः संपूर्ण ब्रह्मांड का सृजन होगा। एक बार नहीं ,बार-बार होगा। हजार बार होगा ।न जाने कब से, यही क्रम चला आ रहा है और चलता ही रहेगा। मनुष्य अपने विकास के चरम पर पहुंचेगा और चरम के बाद विनाश। फिर से नवसृजन यही तो प्रकृति का नियम है! यही तो आत्मा एवं परमात्मा का सत्य है। यही तो संसार की नश्वरता एवं ब्रम्ह की सत्यता है ।जो दिखता है ,वह सत्य नहीं ।जो नहीं दिखता ,वही सत्य है। हम जो दिखाई दे रहा है, उसे पाने की ओर दौड़ रहे हैं किंतु वह तो स्थायी है ही नहीं। आज हमारा है ,कल किसी और का होगा ,परसों किसी और का, और अंत में किसी का भी नहीं होगा ।सब कुछ नष्ट हो जाएगा। सिर्फ और सिर्फ शून्य ही बचेगा। जो मनुष्य अपने जीवन में उस शून्य को जान लेता है ,वह समस्त दुखों से हमेशा हमेशा के लिए मुक्त हो जाता है। यही तो मुक्ति है, यही तो मोक्ष है। संपूर्ण आध्यात्मिक साधनाएं सिर्फ और सिर्फ शून्य तक पहुंच कर समाप्त हो जाती हैं।
बस शून्य होना है और कुछ नहीं होना। जिस धर्म का अनुसरण करके ,जिस पद्धति का अनुसरण करके, जिस पथ का अनुसरण करके आप शून्य हो जाते हो ! वह धर्म ,वह संस्था ,वह पंथ ,सत्य मार्गदर्शक हैं ।वे सनातन धर्म, वैदिक धर्म, उपनिषद ,षड्दर्शन एवं गीता का ही ज्ञान दे रहे हैं ।धर्म के नाम पर कितनी लड़ाइयां लड़ी गई किंतु वास्तविकता तो यह है कि सब के सब भटके हुए हैं। सब भगवान परमात्मा को, अल्लाह को, गॉड को बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं किंतु जानते ही नहीं कि उसे सत्य स्वरूप परब्रह्म परमात्मा को बचाया कैसे जाएगा? हम उसे बचा रहे हैं जिसके लिए यह संसार मात्र खिलौना है! हम उसे क्या बचाएंगे जब हम अपने आप को ही नहीं बचा सकते? हम तो सिर्फ और सिर्फ हमारी कल्पनाओं को बचा रहे हैं जो हम पर थोंप दी गई हैं। हमने उनकी वास्तविकता को जाना नहीं सिर्फ मान लिया है और उनके विरुद्ध यदि कोई बोलता है तो हमारा धर्म संकट में आ जाता है। हमारा भगवान हमारा अल्लाह हमारा गॉड संकट में आ जाता है । अरे मूर्ख मनुष्यों! तुम मानव होकर सच्चे अर्थ में मानव कहलाने के अधिकारी भी नहीं रहे ! तुम तो पशु पक्षियों से भी गए गुजरे हो गए हो ! तुम्हें जो उस परमपिता परमात्मा ने सत्य एवं असत्य का निर्णय करने के लिए बुद्धि एवं विवेक देकर भेजा था ,उस बुद्धि एवं विवेक का इस्तेमाल करना भी तुमने बंद कर दिया है! सिर्फ कुछ मान्यताओं के आधार पर कुछ ग्रंथों के आधार पर तुमने अपने आप को एक दूसरे का शत्रु बना लिया है क्योंकि वह तुम्हारे मत के अनुसार आचरण नहीं करता है और इसी वजह से तुम्हारा वह भगवान ,वह गॉड ,वह अल्लाह वह बुद्ध खतरे में आ जाता है। बड़ा कमजोर है तुम्हारा भगवान तुम्हारा अल्लाह तुम्हारा गॉड तुम्हारा बुद्ध जिसे तुम्हें बचाना पड़ता है! अरे! तुम उसे क्या बचाओगे जिसके लिए यह सब कुछ क्षणिक घटना के समान है। यदि ईश्वर को वास्तव में ही बचाना है तो सत्य, न्याय एवं मानवीय गुणों को बचाना चाहिए। यदि हम मानवीय गुणों की रक्षा कर सके ,पशुता से ऊपर उठ सके ,दुख दर्द के समय एक दूसरे के काम आ सके तो निश्चित रूप से हम ईश्वर को बचाने में सफल रहे क्योंकि वह परमपिता परमात्मा पवित्र प्रेम का ही दूसरा नाम है ,सत् चित आनंद का ही दूसरा नाम है किंतु वर्तमान में तो धर्म के नाम पर हमारा पशुओं से भी गया गुजरा हाल है। धर्म के नाम पर जातिवाद ,छुआछूत ,भेदभाव ऊंच-नीच ! धर्म के नाम पर आतंक! कहाँ गयी इंसानियत ? कहां गई नेकी ? कहां गया मानव धर्म ?कहां गया कण-कण में ईश्वर का वास? यदि धर्म सच्चा प्रेम नहीं सिखा सकता तो वह धर्म आखिरकार धर्म कैसे कहा जा सकता है? जो इंसान को इंसान का शत्रु बना दें वह धर्म कभी नहीं हो सकता वह तो सिर्फ और सिर्फ अधर्म ही हो सकता है, इसलिए यदि तुम अपने आप को धार्मिक मानते हो तो अधर्म को छोड़ो और सच्चे धर्म की राह पर चलो और सच्चा धर्म है प्राणी मात्र के प्रति करुणा भाव, मानव मात्र के प्रति भेदभाव रहित सच्चा प्रेम भाव ! यही भाव संपूर्ण संसार को स्वर्ग से सुंदर बना सकता है स्वर्ग से सुंदर! किंतु आज तो मानव बिल्कुल भटक गया है सत्य मार्ग से! बस इसी सत्य को बचाना है कि मानव मानव रहे ,हैवान एवं दानव न बने। यदि सच्चे अर्थ में तुम्हारे अंदर धर्म का कुछ अंश भी जीवित है तो गहराई से सोचो कि क्या हम धार्मिक हैं ? क्या हम वास्तविक रूप में इंसान कहलाने योग्य है ? यदि नहीं ,तो सर्वप्रथम इंसान बनने का प्रयास करो ! धार्मिक बनना तो अभी बहुत दूर की बात है।
गायत्री महामंत्र एवं ओमकार का जप करने से किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं होता बल्कि जप करने वाले की चेतना का अनंत विस्तार होता है। यदि नुकसान होता है तो पाखंड वाद को ,क्योंकि ओंकार एवं गायत्री महामंत्र का जप करने वाले की चेतना अत्यंत विकसित हो जाती है और फिर वह कभी भी पाखंडवाद के चंगुल में नहीं फंसता बल्कि पाखंड और सत्य के अंदर भेद उसे स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगता है और इसी के परिणाम स्वरूप वह पाखंडवाद को उखाड़ने का प्रयास करने लगता है। ऐसे साधक की आत्म चेतना में सत्य का प्रकाश प्रकाशित हो उठता है। उसे खुदगर्जी नहीं परोपकारमयी कार्यों में आनंद आने लगता है। इसलिए वह मानव मात्र ही नहीं प्राणी मात्र के हित में कार्य करने लगता है। इसीलिए कि जन सामान्य की चेतना विकसित नहीं हों और वह जिंदगी भर सिर्फ व्यर्थ के धार्मिक क्रियाकलापों में उलझा रहे , वह तरह-तरह के ढोंग पाखंड में भटकता रहे ,इसी के लिए गायत्री महामंत्र एवं ओंकार से दूर रखने का प्रयास किया गया है और जब से यह परंपरा शुरू हुई है तब से सनातन धर्म निरंतर पतन के गर्त में गिरता जा रहा है । साधक चाहे किसी भी वैदिक मंत्र का जप करें ,उसे अपने खान-पान को तो ठीक करना ही होगा। हांँ वाममार्गीय तंत्र पद्धति में यह आवश्यक शर्त नहीं है, इसलिए नवार्ण मंत्र आदि का जप मांसाहारी व्यक्ति भी कर सकते हैं किंतु गायत्री महामंत्र एवं ओंकार के साथ यह सब नहीं चल सकता। यह निश्चित है गायत्री महामंत्र की साधना वाममार्गी पद्धति से भी की जाती है किंतु उसका सारा विधि विधान पूर्णतया अलग है और बहुत खतरनाक भी । इसलिए जिस किसी भाई -बहिन को आत्म कल्याण एवं मुक्ति का मार्ग ही प्रिय है । उसे चाहिए स्नान आदि करके गायत्री महामंत्र एवं ओमकार का नाद मय जप करें किंतु मौन मानसिक रूप से जप कभी भी, कहीं भी, किसी भी स्थिति में किया जा सकता है ।बस यही एकमात्र शर्त है ,बाकी कोई शर्त नहीं है। आप स्वयं करके देखिए ।आपको पता लग जाएगा कि गायत्री महामंत्र एवं ओंकार का जप हानि करता है या नहीं? हांँ यह अवश्य है -यदि आप जप करेंगी तो आपके पतिदेव को भी शाकाहारी होना पड़ेगा क्योंकि पति पत्नी की ऊर्जा आपस में स्थानांतरित होती है । पति एवं पत्नी को आपस में अपनी पवित्रता एवं अपवित्रता स्थानांतरित होती रहती है। यदि पति साधना करता है और पत्नी साधना नहीं करती फिर भी निश्चित मान के चलिए तपस्वी पति की पत्नी पर इस ऊर्जा का अत्यधिक प्रभाव हो जाएगा। इसलिए दोनों का पवित्र खानपान होना नितांत आवश्यक है। इन ब्रह्म बीज एवं ब्रह्म मंत्र को जप करने के लिए शाकाहार सबसे प्रथम आवश्यकता है। बाकी सब कुछ अपने आप व्यवस्थित हो जाता है। शराब एवं मांसाहार से से दूर होकर साधक जैसे ही साधना करता है ।यदि उसके अंदर गुटखा, जर्दा आदि खाने की आदतें हैं तो धीरे-धीरे अपने आप छूट जाती है। धीरे धीरे सभी दुर्व्यसनों से साधक निश्चित रूप से मुक्त हो जाता है और वह पूर्ण पवित्र आचरण की ओर बढ़ने लगता है। बस हानि कारक प्रभाव तभी होता है, जब परिवार में मांसाहार -शराब का चलन हो और पति पत्नी में से कोई एक व्यक्ति भी यदि मांसाहार करता है तो जो मांसाहार करेगा, उस पर यह ऊर्जा निश्चित रूप से प्रभाव डालती है। बिना चमत्कार दिखाये कोई नमस्कार नहीं करता, इसलिए मांँ आदिशक्ति अपना डंडा चलाना शुरु कर देती है कि बेटा इस मार्ग से हटजा, यह मुक्ति का मार्ग नहीं है। यह अंधकार का मार्ग है ,अज्ञानता का मार्ग है ,पतन का मार्ग है। और जो आसानी से इस मार्ग को नहीं छोड़ता ,उसकी जमकर पिटाई निश्चित है। प्रारंभ में छोटे-छोटे झटके दिए जाते हैं ताकि व्यक्ति समझ जाए और इस मार्ग को छोड़ दें किंतु बाद में ऐसे – ऐसे झटके दिए जाते हैं कि या तो व्यक्ति सुधर जाता है या फिर बर्बाद हो जाता है । इस स्थिति में व्यक्ति के सामने दो ही मार्ग होते हैं या तो साधना छोड़ दो या गलत खानपान छोड़ दो ।नहीं छोड़ोगे तो बर्बाद हो जाओगे और यदि तुमने अपने खानपान को ठीक कर लिया तो फिर आबाद हो जाओगे। फिर यह गायत्री महामंत्र एवं ओमकार तुम्हारे लिए कल्पवृक्ष है ,कामधेनु है। सब कुछ मिलेगा ,सब कुछ जो हम चाहेंगे! बस जो हम चाह रहे हैं, वह कल्याणकारी होना चाहिए, हितकारी होना चाहिए। बाकी सब कुछ मांँ आदिशक्ति अपने पुत्र पुत्रियों को अपने आप देती रहती है। बस यही एकमात्र शर्त है ,इसके अलावा कोई शर्त नहीं !जो शाकाहारी हैं उनके लिए गायत्री महामंत्र एवं ओंकार से बढ़कर कोई सिद्ध मंत्र नहीं ! परब्रह्म परमात्मा के साक्षात्कार का मार्ग नहीं! हाँ एक विशेष बात गायत्री के साधक का दृष्टिकोण विस्तृत होना चाहिए। वह खुदगर्ज नहीं बल्कि परोपकारमयी व्यक्तित्व को धारण करने वाला होना चाहिए ।यही इस मंत्र की साधना का सबसे मूल रहस्य एवं सिद्धांत है, तभी इस खजाने की चाबी साधक के हाथ लग पाती है, वरना कभी नहीं।
