गृहस्थों और गृहस्थ जीवन के बीच रहते हुए परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी त्याग, तपस्या की मूर्ति थे। समाज सुधार, वैदिक संस्कृति और नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए हरिजन, गिरिजन, आदिवासी, कंजर, मोंग्या, बागरी, सहरिया, वनवासी इत्यादि जनजातियों को राष्ट्र की मुख्य धारा में जोड़कर एक ऐतिहासिक कार्य किया।

जीवन परिचय
बचपन का नाम शंभू सिंह हाडा। जन्म राजपरिवार करवार जिला कोटा के हाडा क्षत्रिय वंश में 30 अप्रैल सन 1928 चैत्र शुक्ल पक्ष की तीज गणगौर संवत 1985 को पिता श्री आनंद सिंह हाडा और माता सज्जन कंवर के प्रथम पुत्र के रूप में शिशु जन्मा।
शिशु को देखकर उस समय कौन सोच पाया होगा कि भविष्य में यही बालक देव शिशु परंतु तेजस्वी ओजस्वी प्रतिभाशाली शौर्य एवं पराक्रम से परिपूर्ण संत शिरोमणि होगा और जीवन चरित्र उज्जवल आलोक की जैसा प्रकाशमान होगा।
परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी ने सन 1953 में निश्चय किया कि मैं परम पूज्य गुरुदेव पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य जी से ही दीक्षा लूंगा और उन्हें पत्र लिखा कि मैं प्रत्यक्ष दीक्षा लेने तपोभूमि मथुरा कब आऊं? परम पूज्य गुरुदेव पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने गायत्री जयंती पर मथुरा आने को लिखा। परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी धर्म पत्नी सहित तपोभूमि मथुरा पहुंचे और मूर्ति स्थापना के पावन पर्व पर दोनों ने दीक्षा ली।
गायत्री साधना की सिद्धि प्राप्त होने पर गायत्री तपोभूमि मथुरा में सन 1958 के 1008 कुंडीय गायत्री यज्ञ के दौरान सद्गुरु पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने मंच से घोषणा की, कि ब्राह्मणों ने तो कई ने गायत्री साधना करके सिद्धियां प्राप्त की है परंतु वर्तमान युग में यह प्रथम क्षत्रिय पुत्र शंभू सिंह हाडा है। जिन्होंने अपनी तरुणाई में जो विश्वामित्र के बाद इस युग में गायत्री सिद्ध की है, इसीलिए वर्तमान में विश्वामित्र अर्थात कौशिक के नाम से जाने जाएंगे।
इस महान यज्ञ के अवसर पर परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी के गुरु, सद्गुरु पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने ही कौशिक नाम की उपाधि से उन्हें विभूषित किया। जो आज संपूर्ण भारत में इसी नाम से जाने जाते हैं।
परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी ने अपनी धर्मपत्नी वंदनीया माता लक्ष्मी देवी जी को भी साधना व समाज सेवा में लगाते हुए गुरु माता वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के पद चिन्हों पर चलने की प्रेरणा दी।
सामाजिक कार्य
सन 1960 में पशु बलि बंद की बागडोर व जिम्मेदारी परम पूज्य गुरुदेव पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी को प्रदान की तथा इस दौरान 400 गांव की पदयात्रा करते हुए पशु बलि देवताओं के नाम पर कलंक है, इस उद्देश्य से जनजागृति करते हुए बिजासन माता इंद्रगढ़ पर पशु बलि बंद करवाई।
अपने गुरु से आज्ञा लेकर 1961 में उन्हीं के सानिध्य में गायत्री पीठ साधना आश्रम बोरखेड़ा की स्थापना की, तब से अब तक जहाँ संत और साहित्य नहीं जाता वहाँ परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी पहुंचते थे। परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी ने 24 बीघा जमीन लेकर सन 1965 मैं आश्रम पर कन्या गुरुकुल की स्थापना की। मानव निर्माण योजना के अंतर्गत ईश्वर की भक्ति द्वारा नशा, हिंसा, अपराध व अस्पृश्यता मुक्ति अभियान चलाया जो वर्तमान में संपूर्ण भारत में जारी है, तत्पश्चात सन 1972 में कन्या गुरुकुल बंद करके छात्रावास की स्थापना की।
परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी ने 1960 से अब तक 198 स्थानों पर देवताओं के नाम पर होने वाली पशु बलि बंद कर संपूर्ण संत समाज को गौरवान्वित किया। इन देव स्थानों में प्रमुख रूप से इंद्रगढ़, जजावर माता, बीरज चौथामाता, चौथामाता बरवाड़ा, कैला माता (करौली), चांदली माता, गुगेर माता (छबड़ा), पूर्व मुख्यमंत्री (श्री दिग्विजय सिंह) की कुलदेवी, वीरजी, भैरव मंदिर, रजनी खेड़ा (गुना), कुंभ कोट माता (रामगंजमंडी), दुर्जनपुरा, पिपल्या वाला देवता, रोटेदा की माता सहित सैकड़ों देव स्थानों पर पशु बलि बंद की।
गुरु आशीर्वाद
19 अगस्त 1961 से 1964 तक परम पूज्य गुरुदेव पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य जी को प्रत्येक बसंत पर्व पर वे आमंत्रित करते रहे। अपने शिष्य की साधना परीक्षा हेतु 1964 से परम पूज्य गुरुदेव पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने बसंत पर्व पर आना स्थगित कर दिया तथा स्वतंत्र धर्म प्रचार की जिम्मेदारी परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी को सौंपी। उन्होंने आशीर्वाद दिया कि मैं सूक्ष्म रुप से सदैव तुम्हारे साथ रहूंगा। तुम्हें हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी ऐसा मेरा आशीर्वाद है। परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी यही मानते थे कि उनके प्रत्येक कार्य के पीछे उनके परम पूज्य गुरुदेव पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य जी का आशीर्वाद है तथा सूक्ष्म रूप से वे सदैव उनके साथ है।
परम पूज्य गुरुदेव श्री कौशिक महाराज जी ने गायत्री पीठ साधना आश्रम बोरखेड़ा,कोटा को केंद्र बनाकर मध्यप्रदेश में उज्जैन, नागदा, बड़नगर, रतलाम, खाचरोद, जावरा, मंदसौर , झाबुआ, देवास, गुना एवं कुंभराज सहित 371 गांव में यज्ञ के माध्यम से संगतिकरण करके, लोगों का नशा, हिंसा, अपराध व अस्पृश्यता जैसे दुर्व्यसनो को दूर करके उन्हें सदाचारी बनाने व ईश्वर भक्ति में लगाने का प्रयास किया जो सदैव जारी रहेगा।
